खतौली। शहर का प्रसिद्ध छड़ियों का मेला भले ही आम जनता के लिए शुरू हो गया हो, लेकिन अभी तक इसका पारंपरिक विधिवत उद्घाटन नहीं हो पाया है। शहरवासी परंपरा निभाए जाने का इंतजार कर रहे हैं।
ज्ञात हो कि हर वर्ष पालिका अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी जीटी रोड स्थित गोगा जाहरवीर मंदिर पर पूजन-अर्चन कर मेले का उद्घाटन करते रहे हैं, लेकिन इस बार आधा मेला बीत जाने के बावजूद यह परंपरा नहीं निभाई गई।सूत्रों के अनुसार पालिका अध्यक्ष हाजी शाहनवाज लालू इस बार इस परंपरा को निभाने के मूड में नहीं हैं और बिना विधिवत उद्घाटन के ही मेले की शुरुआत करा दी गई।उधर, पालिका प्रशासन ने मेले में आयोजित होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की घोषणा शुक्रवार को कर दी है। यानी मेला लगने से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने तक की सभी परंपराएं निभाई जा रही हैं, सिवाय उस परंपरा के, जिसके नाम पर यह मेला लगाया जाता है।पालिका की इस उपेक्षा को लेकर नागरिकों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यदि परंपराओं का सम्मान नहीं किया गया तो मेले की ऐतिहासिक पहचान को ठेस पहुंचेगी।






