सुभाषनगर में टाॅवर पर चोर चढ़ने को लेकर कई घंटे रहा अफरा-तफरी का माहौल
राधिकापुरम में कार सवार युवकों द्वारा फायरिंग किए जाने की सूचना पर दौड़ी पुलिस
मुजफ्फरनगर। पुलिस के तमाम प्रयासों के बाद चोर का शोर थम नहीं पा रहा है। शेरनगर में एक बेकसूर की चोर होने के शक में पिटाई कर दी गई, जबकि सुभाषनगर में टावर पर चोर होने का शोर मचने के कारण कई घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा। राधिकापुरम में कार सवार युवकों द्वारा फायरिंग की सूचना पर पुलिस को दौड़ लगानी पड़ी। पुलिस जांच के बाद इस तरह की घटना से इंकार कर रही है।
शहर से लेकर देहात तक मच रहे चोर के शोर को रोकने के लिए पुलिस ने पूरी ताकत लगा रखी है, लेकिन रात के अंधेरे में कहीं न कहीं चोर का शोर मच जाता है। रात शहर के दो इलाकों में हुई वारदात से कई घंटे अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के शेरनगर में एक युवक की चोर समझकर पिटाई कर दी गई। बताया गया है कि युवक रात को अपने घर जा रहा था। इसी दौरान चोर का शोर मचा तो कुछ युवकों ने उस पर लोहे की वस्तु से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। पीड़ित चिल्लाकर अपनी पहचान बताता रहा, लेकिन किसी ने उसकी एक नहीं सुनी। पीड़ित ने उपचार कराने के बाद पुलिस ने तहरीर दी है। पुलिस हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
नई मंडी के ही सुभाष नगर में देर रात बीएसएनएल के टावर पर चोर होने का शोर मच गया। फिर क्या था कि लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर दौड़ पड़े। इसी बीच सूचना पाकर पुलिस भी आ गई। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो वहां कोई नहीं मिला। पुलिस ने बताया कि चोर होने की अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उधर राधिकापुरम में कार सवार युवकों द्वारा फायरिंग किए जाने की अफवाह उड़ती रही। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला।






