मुजफ्फरनगर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा 1926 से अखण्ड रूप से प्रज्वलित अखण्ड ज्योति के समक्ष चल रहे अखंड गायत्री मंत्र जाप की जनशताब्दी एवं वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी की जन्मशताब्दी वर्ष की पुण्य स्मृति में संपूर्ण भारतवर्ष में भव्य अखण्ड ज्योति कलश यात्रा निकाली जा रही है।
इसी श्रृंखला में यह ज्योति कलश यात्रा नगर-नगर, गांव-गांव, गली-गली एवं घर-घर तक पहुंचेगी। मुजफ्फरनगर में इस दिव्य यात्रा का शुभारंभ 10 अगस्त, रविवार को प्रातः 10.00 बजे होगा। यात्रा सहारनपुर-देवबंद रोड स्थित एक पब्लिक स्कूल से प्रारंभ होकर बामनहेड़ी में कलश पूजन के उपरांत रुड़की रोड होते हुए शाम 5.00 बजे शिव चैक पहुंचेगी। वहां पूजन के पश्चात यात्रा टाउन हाॅल मैदान स्थित सनातन धर्म सभा भवन के हाल में संपन्न होगी, जहां भव्य विराट दीप महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की पूर्व संध्या पर मेहता क्लब में पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस यज्ञ को सम्पन्न कराने में रुक्मणी भारद्वाज, अशोक मास्टर, सोमपाल, प्रमोद शर्मा सहित अनेक परिजनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक अनुष्ठान में गायत्री परिवार, नई मंडी क्षेत्र के श्र(ालुओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आहुतियाँ समर्पित कीं। पूरे आयोजन में पंडित आनंद राज वत्स का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि इस पावन यात्रा का उद्देश्य राष्ट्र में आध्यात्मिक जागरण, सद्विचारों का प्रचार-प्रसार एवं संस्कृति के प्रति जन-जागृति पैदा करना है।






