खतौली। नगर के बड़ा बाजार क्षेत्र में शनिवार को नापतोल विभाग की टीम ने अचानक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नापतोल अधिकारी कल्पना तोमर ने पेट्रोल पंप, सर्राफा दुकान, किराना स्टोर, बर्तनों की दुकान और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया और व्यापारी सकते में आ गए। अभियान के दौरान अधिकारी कल्पना तोमर ने कई दुकानदारों को समय पर अपने कांटों (तराजू) की मोहर न लगवाने पर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारी अपने कांटों पर समय से मोहर लगवाएं, ताकि उपभोक्ताओं के साथ कोई धोखाधड़ी न हो। उन्होंने यह भी बताया कि अब व्यापारी ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से भी नापतोल की मोहर लगवा सकते हैं। अधिकारी ने सर्राफा बाजार में पहुंचकर दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और मौके पर कई दुकानों के कांटे सील किए। बताया जा रहा है कि अब तक खतौली क्षेत्र में दर्जनों दुकानदारों के चालान काटे जा चुके हैं। नापतोल विभाग की इस कार्रवाई से व्यापारी वर्ग में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि आम उपभोक्ताओं ने विभाग की इस सख्ती का स्वागत किया है। पेट्रोल पंप, मिठाई, किराना और सर्राफा दुकानों पर जांच की। दर्जनों दुकानदारों पर कार्रवाई, कई कांटे सील किए। अधिकारी कल्पना तोमर ने दी ऑनलाइन आवेदन की जानकारी भी दी।






