खतौली। बारिश के दौरान खतौली की रेलवे रोड और जीटी रोड पर जलभराव ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दीं। सड़कों के साथ-साथ घरों में पानी भर जाने से स्थानीय निवासी आक्रोशित हो उठे। नागरिकों ने शुक्रवार को रेलवे रोड पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। अस्थानीय लोगों का कहना है कि पहले गुर्जर काॅलोनी से निकलने वाला नाला रेलवे रोड और जीटी रोड का पानी निकालने का प्रमुख जरिया था। नगर पालिका ने इसका टेंडर एक ठेकेदार को दिया, लेकिन सड़क निर्माण के दौरान इस नाले को बंद कर दिया गया। जब इस नाले का विरोध हुआ तो पालिका प्रशासन ने बताया था कि सड़क निर्माण के साथ ही पानी निकासी के लिए नई लाइन डाली जाएगी। मगर महीनों बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई कार्यवाही नहीं हुई। लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। सड़कें तालाब में बदल गईं और कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया। जिससे उनका काफी नुकसान हुआ इससे लोगों की जिंदगी में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। गुस्साए लोगों ने नगर पालिका पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय पर जल निकासी का समाधान कर दिया जाता तो हालात इतने खराब न होते। लोगों की निगाहें अब नगर पालिका अध्यक्ष हाजी शाहनवाज लालू पर टिकी हैं कि वे इस गंभीर समस्या का समाधान कब और कैसे कराते हैं।






