मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत सभागार में गुरुवार को एसआईआर को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट पंकज राठौर, एडीएम प्रशासन, एसडीएम निकिता शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कुल 51 प्रतिनिधियों के साथ हुई इस बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने अधिकारियों और राजनीतिक प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदाता सूची में शत-प्रतिशत सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी सत्यापित करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नाम जोड़ने, संशोधन और हटाने की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से की जाए, ताकि आगामी चुनावों को सुचारु और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराया जा सके। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिनमें भाजपा नेता विशाल गर्ग, भाजपा नेता संजय गर्ग, समाजवादी पार्टी नेता बालेंद्र, सपा नेता पवन बंसल, तथा कांग्रेस के नेता शामिल थे। सभी ने सुझाव और स्थानीय स्तर पर आने वाली चुनौतियों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि प्रशासन निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य समय पर पूरा करेगा।






