मुजफ्फरनगर। दिल्ली और अन्य राज्यों से जिले में आ रहे कचरे और पन्नी के खिलाफ शनिवार को किसानों का गुस्सा फूट गया। भाकियू अराजनैतिक से जुडे़ किसानों ने भोपा रोड पर कचरे से भरे कई वाहनों को रोककर धरना-प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेन्द्र मलिक ने जिले में बढ़ते प्रदषूण के लिए कचरा-पन्नी को जिम्मेदार बताया है, क्योंकि कई औद्योगिक इकाइयों में इन्हें जलाया जा रहा है। बता दे कि शुक्रवार को भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने भी कचरे के खिलाफ आवाज बुलंद की थी।
बाहरी राज्यों से लाकर मुजफ्फरनगर की इकाईयों में जलाने के खिलाफ आरटीआई कार्यकर्ता सुमित मलिक लंबे समय से लामबंद है। अब किसान संगठन भी बढ़ते प्रदूषण के चलते कचरे-पन्नी के खिलाफ मुखर हो गए है। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेन्द्र मलिक के निर्देश पर किसानों ने शनिवार सुबह कचरा-पन्नी के खिलाफ प्रदर्शन किया। यही नहीं पन्नी-कचरे से भरे कई गाड़ियों को रोका गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि आरडीएफ के नाम पर मुजफ्फरनगर में पन्नी-कचरे को फूंक कर प्रदूषण को बढ़ाया जा रहा है। भाकियू नेता धर्मेन्द्र मलिक ने कहा कि जन सामान्य से जुडे़ इस मुद्दे को और गरमाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदूषण बढ़ने के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत आ रही है। शुक्रवार को मुख्यालय आए भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने भी पन्नी-कचरे के खिलाफ हुंकार भरी थी।








