मुज़फ्फरनगर। ग्राम पुरबालियान के किसानों का एक संयुक्त प्रतिनिधि मंडल, जिसमें महिला और पुरुष दोनों बड़ी संख्या में शामिल थे, शुक्रवार को शिव सेना जिलाध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा के नेतृत्व में जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचा। किसानों ने गांव के कानूनगो और लेखपाल पर चकबंदी के दौरान अनियमितताओं, फसल नुकसान और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में बिट्टू सिखेड़ा और किसानों ने अपना शिकायत पत्र सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा तथा कानूनगो व लेखपाल की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की।प्रतिनिधि मंडल में शामिल किसानों ने आरोप लगाया कि कानूनगो और लेखपाल चकबंदी के नाम पर उनकी खड़ी फसल को नुकसान पहुँचा रहे हैं।बेवजह खेतों को दूसरे स्थान पर दिखाने अथवा बदलवाने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर किसानों व ग्रामीणों को धमकाया जा रहा है।किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो वे जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना देने को मजबूर होंगे। शिव सेना जिलाध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा ने किसानों को पूरी मदद और सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि किसानों, महिलाओं, व्यापारियों और आम जनता का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो हम आपके साथ धरने–प्रदर्शन में भी खड़े नजर आएंगे।उन्होंने मांग की कि प्रशासन तुरंत मामले की निष्पक्ष जांच कराए और दोषी अधिकारियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करे। शिकायत सौंपने के दौरान देवेंद्र चौहान, चेतन देव, विश्वकर्मा, उज्ज्वल पंडित, शैलेंद्र विश्वकर्मा, सतपाल, जयपाल, किरणपाल, हरवीर, मामचंद, भोपाल, महेंद्र, सुरेंद्र, वेदपाल, मीनू, ममता, संत्री, प्रेम, रेखा, पुन्नी, बिजेंद्री, कमलेश, चुन्नी आदि शामिल रहे।








