मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन द्वारा कांवड़ मेले के दौरान साफ-सफाई, जल निकासी, गड्ढा मुक्ति जैसे कार्यों में तत्परता और जिम्मेदारी से भूमिका निभाने के लिए नगर पालिका परिषद की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप और अधिशासी अधिकारी प्रज्ञा सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी कृष्ण गोपाल मित्तल, अध्यक्ष संयुक्त व्यापार संघ संजय मिश्रा, प्रदेश मंत्री सरदार बलविंदर सिंह, जिला अध्यक्ष राकेश त्यागी, अध्यक्ष सर्राफा एसोसिएशन पवन वर्मा, जिला महामंत्री विशाल जैन, जिला युवा अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, जिला युवा महामंत्री भूपेंद्र गोयल, सुखबीर सिंह, एवं उदित किंगर शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान नगर पालिका परिषद द्वारा कांवड़ मार्गों की सफाई व्यवस्था, गड्ढा मुक्त सड़कें, बारिश के जलभराव की त्वरित निकासी तथा कांवड़ियों के लिए समुचित सुविधाएं जैसे कार्यों को टीम भावना के साथ तत्परता से अंजाम दिया गया।प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मित्तल ने कहा कि मुजफ्फरनगर से हर वर्ष करोड़ों कांवड़िए गुजरते हैं, जिनके आवागमन के दौरान नगर पालिका की व्यवस्थाएं अत्यंत महत्वपूर्ण होती हैं। इस बार की कांवड़ यात्रा में चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप एवं ईओ प्रज्ञा सिंह ने अपनी जिम्मेदारी का उत्कृष्ट निर्वहन करते हुए कांवड़ मेले को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि व्यापार संगठन ने दोनों अधिकारियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया और यह सम्मान नगर की प्रशासनिक तत्परता और समर्पण का प्रतीक है।







