मुज़फ़्फरनगर। जानसठ रोड स्थित लक्ष्मण बिहार कॉलोनी में आज से दिव्य श्रीमद् भागवत कथा का शुभारम्भ हुआ। कथा का प्रारम्भ काशी निवासी गंगोत्री तिवारी मृदुल जी महाराज के पावन सान्निध्य में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
महाराज श्री ने कथा के प्रथम दिवस में श्रीमद् भागवत महापुराण की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि जब जन्म-जन्मांतर के पुण्य उदित होते हैं, तभी मनुष्य को भागवत कथा श्रवण का सौभाग्य प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि भागवत हमें सत्य, चित और आनंद का मार्ग दिखाती है।व्यास पीठ से उन्होंने समझाया कि आज के कलिकाल में लोग दिशा-विहीन हो चुके हैं, ऐसे में वेद-पुराण और संतों का मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। ये ग्रंथ हमारे जीवन के दर्पण हैं, जिनके माध्यम से हम अपनी कमियों को दूर कर सत्मार्ग पर अग्रसर हो सकते हैं।कथा में महाराज श्री ने धुंधकारी के जीवन प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे भोग-विलास और नशे में लिप्त जीवन जीने के बाद भी श्रीमद् भागवत श्रवण से उसका उद्धार हुआ। उन्होंने कहा कि मार्गशीर्ष मास भगवान श्रीकृष्ण को अत्यंत प्रिय है, और इस मास में कथा श्रवण से अनंत गुना पुण्य फल प्राप्त होता है। कथा आयोजक नरेंद्र कुमार बंसल ने बताया कि यह पांचवां वर्ष है जब मोहल्ले में इस प्रकार का भव्य आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कथा के माध्यम से मोहल्ला वासी आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त करते हैं और समाज में भक्ति का वातावरण बनता है। इस अवसर पर उमा बंसल, अचिंत बंसल, नेहा बंसल, योगेंद्र बंसल, सरिता बंसल, बी.के. सूर्यवंशी, संजय वर्मा, राजेंद्र सिंह, ओमपाल चौधरी, मनीषा बंसल, चौधरी नरेश कुमार, अनिल गर्ग, नमन तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और कथा श्रवण का लाभ उठाया।






