मुज़फ़्फ़रनगर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुँच चुकी है, ऐसे में जिला प्रशासन ने पूरी तत्परता के साथ मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कमान संभाल ली है। रविवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं सिटी मजिस्ट्रेट पंकज राठौर ने शहर के विभिन्न वार्डों में बनाए गए जारी एसआईआर कैंपों का औचक निरीक्षण कर कार्य की वास्तविक स्थिति का जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैंपों पर उपस्थित बीएलओ और रजिस्ट्रेशन स्टाफ से मतदाता सूची अपडेट से संबंधित जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि रहने न पाए, हर योग्य नागरिक का नाम सूची में दर्ज हो तथा मृतक एवं स्थानांतरित व्यक्तियों के नाम समय पर हटाए जाएं। सिटी मजिस्ट्रेट पंकज राठौर ने भी बीएलओ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रपत्र 6, 7, 8 तथा 8–A के सभी आवेदन समय पर निस्तारित किए जाएँ और आवेदनकर्ता से आवश्यक दस्तावेज लेकर सही प्रविष्टियाँ की जाएँ। अधिकारी निरीक्षण के दौरान विभिन्न कैंपों में पहुंचे जहां बड़ी संख्या में नागरिक अपने परिवार के नाम जोड़ने और संशोधन कराने के लिए आवेदन कर रहे थे। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे भी एसआईआर प्रक्रिया का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य सुनिश्चित करवाएँ।अंतिम चरण के चलते प्रशासन हर स्तर पर फील्ड एक्टिविटी बढ़ा चुका है। अधिकारी उम्मीद जता रहे हैं कि बेहतर समन्वय के साथ यह कार्य समय सीमा में पूरा किया जाएगा, जिससे आगामी चुनाव में हर पात्र मतदाता अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके।






