मुजफ्फरनगर। साइबर जागरूकता माह के तहत शिव चौक स्थित पुलिस चौकी प्रभारी दरोगा मोहित कुमार ने एटीएम ठगी रोकने के लिए नई पहल की है। चौकी क्षेत्र के करीब 15 एटीएम पर ग्राहकों को जागरूक करने के लिए अंदर और बाहर दो-दो स्टीकर लगाए गए हैं। बडी बात यह है कि दरोगा ने खुद ही इन स्टीकरों को चस्पा किया है, जिसमें लोगों को रकम निकालते हुए अनजान व्यक्ति से मदद न लेने की अपील की गई।
साइबर ठगी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। साइबर थाना पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद भी घटनाओं पर विराम नहीं लग पा रहा है। प्रदेश में अक्तूबर को साइबर जागरूकता माह घोषित किया गया है। इसी कडी में शिक्षण संस्थाओं और सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी कडी में शिव चौक पुलिस चौकी प्रभारी मोहित कुमार ने एटीएम पर होने वाली ठगी को रोकने के लिए नई पहल शुरू की है। दरोगा मोहित कुमार ने अपने क्षेत्र के 15 एटीएम को चिहिंत कर वहां जागरूकता स्टीकर लगाए है। दरोगा मोहित ने खुद की कमान संभालते हुए तमाम एटीएम पर स्टीकर खुद ही स्थापित किए है। इनमें एक स्टीकर एटीएम के बाहर और दूसरा स्टीकर मशीन के पीछे लगाया गया है, ताकि एटीएम के बाहर और अंदर लोगों की नजर पड सके। दरोगा मोहित ने बताया कि इन स्टीकरों में लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। लोगों से अनुरोध किया गया है कि वो रकम निकालते हुए किसी अनजान व्यक्ति की मदद ना ले। हो सकता है कि वो अनजान शख्स साइबर ठग हो और एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से रकम उडा ले जाए। उन्होंने बताया कि जागरूकता से ही साइबर ठगी से बचा जा सकता है।







