बुढाना में भारत फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना में संचालित भारत फाइनेंस कंपनी में बड़ा गड़बड़झाला सामने आया है। ऋण की जमा हुई धनराशि को खाते में न जमा करने के मामले में फाइनेंस कंपनी के मैनेजर समेत तीन कर्मचारियों के खिलाफ 8 लाख 64 हजार रूपये के गबन की एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
प्राइवेट फाइनेंस कंपनी और गांव में चल रही सूदखोरी आम लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। रोजमर्रा पीड़ित सामने आ रहे है। ताजा मामला बुढ़ाना से सामने आया है। एसपी देहात आदित्य बंसल के मुताबिक भारत फाइनेंस कंपनी के मैनेजर सतेन्द्र और साथी कर्मचारी निखिल और यश मलिक के खिलाफ कई ऋण दाताओं ने शिकायत दर्ज कराई थी। इन लोगों ने फाइनेंस कंपनी से लोन लिया था। नियमित रूप से आरोपियों को किश्त की धनराशि उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन खाते में जमा कराने के बजाए इन लोगों ने डकार ली। यह रकम 8 लाख 64 हजार रूपये बताई गई है। प्राथमिक जांच पड़ताल में आरोप की पुष्टि होने के बाद बुढ़ाना कोतवाल सुभाष अत्री ने मैनेजर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार करा दिया।






