पुरकाजी। उत्तराखंड की शिवालिक पर्वत श्रृंखलाओं में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते सोलानी नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी उफान पर आ गई है, जिससे हरिद्वार जिले के खादर क्षेत्र के दर्जनों गांवों में पानी भर गया है और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। सोलानी नदी का पानी गांवों की ओर फैलते हुए रास्तों, खेतों और जंगलों तक पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया है। कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न हो गई हैं और खेतों में खड़ी फसलें पानी में डूब गई हैं। इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।प्रभावित गांवों में रामनगर, रजगल्ला पुर, शेरपुर नगला, भदोला धुममनपुरी, पांचाली, अल्मावाला, जिंदावाला आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन गांवों में कई जगहों पर संपर्क मार्गों पर घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे ग्रामीण घरों में ही कैद होकर रह गए हैं। खादर क्षेत्र में पानी भरने से पशुओं के लिए चारे की भारी समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीण भूसे से काम चला रहे हैं। बढ़ीवाला गांव के निवासी अमरजीत सिंह ने बताया, जब भी खादर क्षेत्र में बाढ़ का पानी आता है, तब लोग अपने घरों की छतों पर रातें गुजारने को मजबूर हो जाते हैं। यह मंजर हम सालों से देखते आ रहे हैं, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत और सहायता पहुंचाने की मांग की है, ताकि जल भराव की स्थिति से निपटा जा सके और पशुचारे जैसी समस्याओं को दूर किया जा सके।







