मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना पुलिस ने बीस हजार रूपये के ईनामी शादाब को मुठभेड़ में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपने साथियों के साथ दादा-पोते से लूटपाट की थी। शादाब का भाई पहले ही जेल जा चुका है, जबकि तीसरा साथी अभी फरार बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूट का माल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस अधीक्षक देहात आदित्य बंसल ने बताया कि बुढ़ाना पुलिस सर्राफ नेमचंद वर्मा और उसके पोते शिवम त्यागी को घायल कर लूटपाट करने वाले बदमाशों की टोह में लगी हुई थी। पुलिस को गोपनीय रूप से इनपुट मिला था कि लुटेरा शादाब रविवार दोपहर के समय विज्ञाना मार्ग से गुजरने वाला है। पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। आरोपी पुलिस पार्टी पर फायरिंग करते हुए भागने लगा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शादाब पैर में गोली लगने के कारण गिर पड़ा। पुलिस ने शादाब को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती करा दिया।
एसपी बंसल ने बताया कि आरोपी लुटेरे शादाब पर 20 हजार रूपये का पुरस्कार घोषित था। आरोपी ने अपने भाई महताब आदि के साथ मिलकर घटना अंजाम दी थी। आरोपी की निशानदेही पर तमंचा और लूट के जेवर बरामद किए है। बता दे कि शादाब के भाई महताब को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।






