मुजफ्फरनगर। वार्ड 39 स्थित मोहल्ला इंदिरा कॉलोनी के लोग पिछले एक महीने से गंदे और दूषित पानी की गंभीर समस्या झेल रहे हैं। टंकियों से आने वाले पानी में रेत और कीचड़ की भारी मात्रा पाई जा रही है, जिसके चलते पानी की सप्लाई बार-बार बाधित हो जाती है। गली भर में फैल रहे गंदे पानी ने स्थानीय लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि समस्या की शिकायत कई बार सभासद और नगर पालिका में की गई, लेकिन अब तक किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई। लगातार खराब सप्लाई और दूषित पानी के कारण क्षेत्रवासी पीने-खाने से लेकर रोजमर्रा के उपयोग तक भारी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अविलंब समस्या समाधान की मांग की है।







