डीजीपी राजीव कृष्ण ने लखनऊ में सराहनीय कार्यो के लिए अवार्ड देकर किया सम्मानित
मुजफ्फरनगर। आईपीएस और पुलिस अधीक्षक नगर की जिम्मेदारी निभा रहे सत्यनारायण प्रजापत को शौर्य सम्मान से सम्मानित किया गया है। लखनऊ में आयोजित समारोह में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने प्रजापत को यह सम्मान प्रदान किया। सुरक्षित कांवड़ यात्रा और एक साल के सराहनीय कार्य के लिए यह अवार्ड प्रदान किया है।
आईपीएस सत्यनारायण प्रजापत को मुजफ्फरनगर जिले से गुजरने वाले करोडों यात्रियों को लगातार तीन साल से सुरक्षित निकालने का गौरव हासिल है। इस साल की कांवड़ यात्रा में तमाम चुनौतियों के बावजूद शिवभक्तों की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने में पुलिस महकमे का बडा योगदान रहा है। यही नहीं अपराध के फ्रंट पर भी एसपी सिटी के रूप में सत्यनारायण प्रजापत ने अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी ढंग से निभाया है। बडे़ अपराधियों के खिलाफ प्रजापत ने निजी दिलचस्पी दिखाते हुए व्यापक कार्रवाई का बीड़ा उठाया है। नई मंडी इलाके में हुई 11 लाख रूपये की लूट के मामले में लुटेरों को जेल की सीखचों को पहुंचाने के लिए जो रणनीति बनाई थी, वो वाकई कायल करने वाली थी।
प्रदेश स्तर पर मिलने वाले शौर्य सम्मान के लिए इस बार युवा आईपीएस सत्यनारायण प्रजापत को चुना गया था। लखनऊ में शनिवार को आयोजित समारोह में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने प्रजापत को शौर्य सम्मान से सम्मानित कर उनकी पीठ थपथपाई। एसएसपी संजय वर्मा और एसपी देहात आदित्य बंसल ने भी शौर्य सम्मान के लिए एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत को बधाई दी है। बता दे कि प्रदेश भर में एडीजी, आईजी, डीआईजी, एसपी और इंस्पेक्टर स्तर के 33 अधिकारियों को यह सम्मान दिया गया है।







