मुजफ्फरनगर। सदर ब्लॉक के गांव शेरपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट (आईएएस) अपराजिता आर्यन ने गुरुवार को विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर सरकारी योजनाओं के बारे में फीडबैक लिया और लोगों को जागरूक रहने की अपील की।
निरीक्षण की शुरुआत आंगनबाड़ी केंद्र से हुई, जहां बच्चों की सेहत और शिक्षा की स्थिति देखी गई। उन्होंने पोषण से संबंधित दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद एएनएम सेंटर का दौरा किया और गर्भवती महिलाओं व बच्चों के टीकाकरण का रिकार्ड जांचा। महिलाओं से बातचीत कर उन्हें पोषण पोटली और स्वास्थ्य योजनाओं के लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इसके उपरांत प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बच्चों से सवाल-जवाब किए और पढ़ाई की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता देने की अपील की। पंचायत घर का भी उन्होंने निरीक्षण किया और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और जागरूकता ही गांव व समाज के समग्र विकास की नींव है। इस मौके पर सीडीपीओ संतोष कुमार शर्मा, एडीओ पंचायत सत्येंद्र कुमार, ग्राम प्रधान शोएब, ग्राम सचिव उमेश कुमार सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।






