मुजफ्फरनगर। इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (आईआईए) मुजफ्फरनगर चैप्टर द्वारा श्रम कानूनों को लेकर एक उपयोगी ब्रेकफास्ट मीटिंग का आयोजन निजी होटल में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्यमियों को बदलते श्रम कानूनों, नए श्रम कोड और उनके व्यवहारिक अनुपालन से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ श्रम कानून सलाहकार उमेश गोयल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ आईआईए चैप्टर चेयरमैन अमित जैन, डिवीजनल सेक्रेटरी पवन कुमार गोयल, सचिव राहुल मित्तल एवं पूर्व कार्यकारिणी सदस्य नीरज केडिया द्वारा मुख्य अतिथि को पुष्प गुच्छ भेंट कर किया गया।
अपने संबोधन में चैप्टर चेयरमैन अमित जैन ने कहा कि वर्तमान समय में उद्योगों के लिए श्रम कानूनों की अद्यतन और सटीक जानकारी अत्यंत आवश्यक है। सही समझ के अभाव में उद्योग अनावश्यक विवादों, दंडात्मक कार्रवाई और प्रशासनिक उलझनों का सामना करते हैं, जिन्हें समय रहते टाला जा सकता है। मुख्य वक्ता उमेश गोयल ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा श्रम कानूनों में किए गए हालिया बदलावों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत केंद्र सरकार ने चार नए श्रम कोड लागू किए हैं, जिनमें 22 पुराने श्रम कानूनों को समाहित किया गया है, जबकि 7 कानूनों को समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में कई अनुपालन प्रक्रियाएं अभी पुराने कानूनों के अंतर्गत ही चल रही हैं, जिससे उद्योगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।उन्होंने फैक्ट्री एक्ट, वेतन भुगतान, ग्रेच्युटी, पॉश एक्ट, सामाजिक सुरक्षा, निरीक्षण व्यवस्था एवं श्रमिक प्रबंधन से जुड़े प्रावधानों को सरल भाषा में समझाते हुए उद्यमियों की शंकाओं का व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किया। आईआईए के डिवीजनल सेक्रेटरी पवन कुमार गोयल ने जानकारी दी कि आगामी जनवरी माह में लखनऊ में फूड एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें इच्छुक उद्यमी अपनी आवश्यकता के अनुसार स्टॉल बुक करा सकते हैं। पूर्व केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य नीरज केडिया ने श्रम कानूनों में सरकार द्वारा किए गए प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए उद्योगों से समय पर अनुपालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन आईआईए सचिव राहुल मित्तल ने किया। उन्होंने बताया कि संगठनात्मक समन्वय और विभिन्न विषयों पर चर्चा के लिए आईआईए हेड ऑफिस के साथ प्रत्येक सप्ताह नियमित वर्चुअल बैठकें आयोजित की जाती हैं और सदस्यों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील की। कार्यक्रम के अंत में आईआईए कोषाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल ने मुख्य अतिथि एवं सभी उपस्थित उद्यमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक में आईआईए के पूर्व चेयरमैन, पदाधिकारी, युवा विंग के सदस्य एवं बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम को व्यापक सहभागिता और सफलता मिली।






