खतौली। क्षेत्र के ग्राम गंगधाड़ी स्थित अस्थाई निराश्रित गोवंश गौशाला में मृतक और घायल गोवंश मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम राजकुमार भारती ने स्थिति का जायजा लिया और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों पर सख्त निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि गौशाला परिसर में कई मृतक गोवंश को सही ढंग से दफनाने के बजाय अधूरा दबाया गया था। कुछ अस्थियां बाहर पड़ी हुई थीं, जिससे आसपास बदबू फैल रही थी। लगभग चार दिन से एक मृत गाय सड़ी-गली हालत में पड़ी थी, लेकिन जिम्मेदारों ने कोई ध्यान नहीं दिया। निरीक्षण के दौरान गौशाला के बाहर एक गंभीर रूप से घायल गोवंश भी मिला। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ शरारती तत्वों ने गोवंश पर एसिड डालकर उसे घायल कर दिया और उसे तड़पता हुआ बाहर छोड़कर फरार हो गए। घायल पशु को तत्काल गौशाला के अंदर लाकर डॉक्टरों की देखरेख में उपचार शुरू किया गया।
मौके पर पहुंचे एसडीएम राजकुमार भारती ने स्पष्ट किया कि मृतक गोवंश का निस्तारण पशुपालन विभाग के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम ने नियमित निरीक्षण और डॉक्टरों द्वारा पशुओं की देखभाल सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
गांव के दीपक चौहान उर्फ सोनू व अनिल कुमार और संजय कुमार क्रांतिकारी ने बताया कि गौशाला में व्यवस्थाएं बेहद खराब हैं। गोवंश को समय पर चारा व दवाइयां नहीं मिल पातीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कैटेगर कपिल कुमार की बड़ी लापरवाही के कारण ही यह हालात बने हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि गौशाला की व्यवस्था सुधारी जाए ताकि बेसहारा गोवंश की सही तरीके से देखभाल हो सके।







