खतौली। ऐतिहासिक श्रावणी मेला छड़ियान के अवसर पर नगर पालिका परिषद द्वारा शनिवार को पालिका प्रांगण में आयोजित पहले कार्यक्रम बाल सांस्कृतिक संध्या में बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। हालांकि, क्षतिग्रस्त पानी की टंकी से लगातार गिरते मलबे के खौफ और अव्यवस्थित प्रबंधन के कारण कार्यक्रम में दर्शकों की भीड़ काफी कम रही और अव्यवस्था के चलते कार्यक्रम रात 10.30 बजे ही समाप्त कर दिया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन रालोद प्रदेश महासचिव तासीर हसन ने फीता काटकर किया, जबकि खंड शिक्षा अधिकारी खतौली पंकज अग्रवाल ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिका चेयरमैन शाहनवाज अली ने की तथा संचालन अखिलेश पंडित ने किया। मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी राजकुमार भारती और विशिष्ट अतिथि रालोद के संगठन महामंत्री अजित राठी रहे। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, धार्मिक व पारंपरिक नृत्य, नाटक और फिल्मी गीतों पर प्रस्तुतियां दीं। शिशु शिक्षा निकेतन जूनियर हाई स्कूल ने सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की। रेड रोज जूनियर हाई स्कूल ने देश भक्ति नृत्य, कल्याणी विद्या मंदिर ने पारंपरिक नृत्य, एकता पब्लिक स्कूल ने नाटक परीक्षा, जबकि लार्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल ने मेड इन इंडिया प्रस्तुत किया। प्यारी बच्ची आयजा नाज ने अपनी कविता सबसे प्यार हिंदुस्तान लिखूं सुनाकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे मंच बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं और ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का नियमित आयोजन होना चाहिए।कार्यक्रम संयोजक असमा परवीन ने सभी का आभार जताया। सह-संयोजक सुमन वाल्मीकि, सभासद डाॅ. आशीष कुमार, मौ. दानिश सिद्दीकी, प्रभारी सिराज फातिमा, सह-प्रभारी रंजीत कुमार सहित पालिका अधिकारियों व कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में अखिलेश पंडित, कांता स्वरूप सिंघल, जसवीर राणा, चिराग सिंघल, मास्टर अब्दुल मालिक, नदीम अंजुम, अमित त्यागी, विशाल तोमर, दानिश मुल्तानी, वकील मंसूरी, नौशाद पालिका, जावेद पठान, नबील कुरैशी, अभिषेक गोयल एडवोकेट, शादाब जाट, आदिल मोहसिन, समद मिर्जा समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।






