मुजफ्फरनगर। बीसीएल सिक्योर प्राइम प्राइवेट लिमिटेड के अंतर्गत कार्यरत संविदा एवं निविदा कर्मचारियों ने शुक्रवार को गुड़ मंडी स्थित विद्युत विभाग कार्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारी 33/11 केवी उपकेंद्र, जानसठ रोड विष्णु विहार में कार्यरत हैं और उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे निर्धारित 8 घंटे से ज्यादा काम कराया जाता है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें न तो अतिरिक्त मानदेय दिया जाता है और न ही उचित सुविधा।कर्मचारियों का कहना है कि कई बार उन्हें पूरी रात ड्यूटी करनी पड़ती है और फिर अगले दिन भी समय पर ऑफिस पहुंचना पड़ता है। इमरजेंसी की स्थिति में दिन-रात किसी भी समय बुला लिया जाता है, परंतु इसका कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं मिलता। कर्मचारियों ने इसे आर्थिक और मानसिक शोषण बताया। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि अक्टूबर 2025 माह के वेतन में 1 से 10 दिन का भुगतान काट लिया गया है, जो पूरी तरह अनुचित है। सभी संविदाकर्मियों ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया है कि अब कोई भी कर्मचारी 8 घंटे से अधिक कार्य नहीं करेगा। यदि विभाग को अतिरिक्त कार्य की आवश्यकता होती है तो उसका भुगतान या तो संबंधित अधिकारी स्वयं दें या कंपनी के माध्यम से दिलाया जाए। कर्मचारियों की प्रमुख मांग में कार्य अवधि को 8 घंटे प्रतिदिन तय किया जाए, अतिरिक्त समय के लिए अतिरिक्त मानदेय सुनिश्चित किया जाए, शामिल रही।कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, धरना इसी प्रकार जारी रहेगा।






