मुजफ्फरनगर। ग्राम मखियाली में आयोजित बजट 2026-27 विधानसभा स्तरीय जन चौपाल कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सरकार की प्राथमिकताओं, बजट में प्रस्तावित विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता के साथ साझा की।
जन चौपाल को संबोधित करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि बजट 2026-27 में शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कौशल विकास और उद्यमशीलता को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बजट में शामिल विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान ग्राम मखियाली एवं चांदपुर से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएँ मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि जनसेवा, क्षेत्रीय विकास और हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जनता से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की। जन चौपाल कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और स्थानीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम के माध्यम से जनता और शासन के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ, जिससे लोगों में संतोष और विश्वास का भाव दिखाई दिया। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आंचल तोमर, वीरपाल, संदीप प्रधान, योगेश प्रधान, शीशपाल, ओमपाल कटारिया, राकेश बीडीसी, जयनंद कश्यप, रामकुमार शर्मा, जयवीर, करण बाबा, कल्लू बाबा, प्रमोद, परमिंदर, प्रमोद राठी (चेयरमैन), संजीव उर्फ कल्लू प्रधान कुकड़ा, मोनू, दिनेश बिलासपुर, अमित रोडवेज, अनुज मखियाली सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।






